रायपुर में हिस्ट्रीशीटर तोमर ब्रदर्स के घर नगर निगम की रेड, करोड़ों की संपत्ति की जांच

रायपुर। रविवार को नगर निगम (IT) विभाग की टीम ने रायपुर के भाठागांव में हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र तोमर और रोहित तोमर के घर पर छापा मारा। आरोप है कि दोनों भाई सूदखोरी (ब्याज पर कर्ज देकर जबरन वसूली) के जरिए लोगों से करोड़ों रुपये वसूल चुके हैं।
नगर निगम अधिकारियों ने तोमर ब्रदर्स की संपत्ति और टैक्स से जुड़ी जानकारी जुटाने के लिए ये कार्रवाई की। बताया गया है कि टीम इस बात की जांच कर रही है कि दोनों भाइयों के पास कुल कितनी संपत्ति है, कितनी प्रॉपर्टी बेनामी है, और वे कितना टैक्स भर रहे हैं।
जोन 8 के कमिश्नर हितेंद्र यादव ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर निगम की टीम ने वीरेंद्र तोमर के घर जाकर मकान से जुड़े दस्तावेज मांगे हैं। ये देखा जाएगा कि मकान की अनुमति ली गई थी या नहीं, और उसकी निर्माण लागत क्या है।
फिलहाल दोनों आरोपी भाई पिछले 7 दिनों से फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि उन्हें छिपाने या बचाने में किसने मदद की।
रेड के दौरान IT टीम ने घर से कई जरूरी दस्तावेज और संपत्ति से जुड़ी फाइलें जब्त की हैं। फिलहाल जांच जारी है और आगे की जानकारी दस्तावेजों के अध्ययन के बाद दी जाएगी।





