बिलासपुर में इंटरस्टेट चोरी गिरोह का पर्दाफाश, 4.99 लाख का सोना बरामद

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुलिस ने अपार्टमेंट्स में सिलसिलेवार चोरी करने वाले इंटरस्टेट गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम ने दिल्ली और मेरठ में करीब 20 दिनों तक लगातार अभियान चलाया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के पास से करीब 4 लाख 99 हजार रुपए कीमत का सोना बरामद किया गया है, जिसे उसने चोरी के बाद गलाकर उसका स्वरूप बदल दिया था।

सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिला सुराग

घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की और 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान मेरठ निवासी ताज मोहम्मद के रूप में हुई। वह लगातार ठिकाने और मोबाइल नंबर बदलकर पुलिस से बचता रहा, लेकिन आखिरकार सूचना के आधार पर उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

फ्लैट को बनाते थे निशाना, गहनों को गलाकर मिटाते थे पहचान

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी के साथ शहर में पहले रेकी करता था और सुनसान अपार्टमेंट्स को निशाना बनाता था। मौका मिलते ही ताले तोड़कर चोरी करता और बाद में गहनों को पिघलाकर उनकी पहचान खत्म कर देता था। गिरोह का दूसरा सदस्य पहले से ही दिल्ली की जेल में बंद है।

चार राज्यों में दर्ज हैं 47 से ज्यादा मामले

पुलिस के अनुसार आरोपी पर उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और छत्तीसगढ़ में 47 से अधिक चोरी और लूट के मामले दर्ज हैं। वह गिरोह का मुख्य सदस्य है और हर बार जेल से छूटने के बाद नई जगह वारदात को अंजाम देता था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button