सिरपुर महोत्सव में गूंजेगा अंतर्राष्ट्रीय सांस्कृतिक संवाद, दक्षिण कोरिया सहित देश-विदेश के विद्वान होंगे शामिल

महासमुंद।सिरपुर के ऐतिहासिक वैभव और समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को नजदीक से जानने-देखने इस बार विदेशी मेहमान भी सिरपुर महोत्सव में पहुंचेंगे। तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव इस वर्ष और भी भव्य व आकर्षक होने जा रहा है, जिसमें देश-विदेश के इतिहास, कला और संस्कृति के विशेषज्ञ भाग लेंगे।
महोत्सव में दक्षिण कोरिया से इतिहास, कला और संस्कृति के विद्वानों को आमंत्रित किया गया है, जिनमें प्रो. जंग संगीर, किम डांग ग्वी, डॉ. ली ची रैन और एन नाजियम प्रमुख हैं। उनकी सहभागिता से सिरपुर को अंतर्राष्ट्रीय पहचान मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा नागपुर से दीक्षा भूमि स्मारक समिति के अध्यक्ष भदंत आर्य नागार्जुन सुरई ससाई जी और कर्नाटक से भदंत प्रज्ञा बोधि थेरो की उपस्थिति भी सुनिश्चित हो चुकी है। देशभर से बौद्ध धर्म के आर्य और विद्वान सिरपुर की ऐतिहासिक व बौद्ध विरासत पर अपने विचार साझा करेंगे।
महोत्सव में बॉलीवुड और छालीवुड के प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुतियां भी दर्शकों को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर करेंगी। तीन दिनों तक चलने वाला यह आयोजन सिरपुर की प्राचीन सभ्यता, कला-संस्कृति और पर्यटन को राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम बनेगा।





