IND vs SA ODI- 3 दिसंबर को भारत–दक्षिण अफ्रीका वनडे मैच को लेकर छात्रों में भारी उत्साह, टिकट काउंटर पर लगी लंबी कतारें

रायपुर। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 3 दिसंबर को होने वाले भारत–दक्षिण अफ्रीका वनडे मैच(IND vs SA ODI)को लेकर उत्साह चरम पर है। शुक्रवार को इंडोर स्टेडियम के टिकट काउंटर पर छात्रों के लिए 1500 रुपये वाली टिकट सिर्फ 800 रुपये में उपलब्ध कराई गई। रियायती दर की खबर मिलते ही सुबह से ही छात्रों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

भीड़ बढ़ने पर लाइन में धक्का-मुक्की और अव्यवस्था जैसी स्थिति पैदा हो गई, जिसके बाद पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा। कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन पुलिस और प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया। कई घंटे इंतजार के बाद छात्रों को टिकट मिल सकी।

1 दिसंबर को रायपुर पहुंचेंगी दोनों टीमें

स्टेडियम पूरी तरह मैच के लिए तैयार है। पिच का काम भी बीसीसीआई के प्रशिक्षित क्यूरेटर ने पूरा कर लिया है। भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें रांची में मैच खत्म होने के बाद 1 दिसंबर की सुबह रायपुर पहुंचेंगी और नवा रायपुर के होटल मेफेयर रिज़ॉर्ट में ठहरेंगी। दोनों टीमें 2 दिसंबर को अलग-अलग समय पर अभ्यास करेंगी।

छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ के अनुसार, खिलाड़ियों के लिए होटल में कॉन्टिनेंटल भोजन के साथ छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजन भी परोसे जाएंगे। सुरक्षा की जिम्मेदारी प्रशासन को दी गई है और अतिरिक्त सुरक्षा के लिए निजी गार्ड व बाउंसर भी तैनात रहेंगे।

स्टेडियम में सुविधाओं का अंतिम निरीक्षण

दर्शकों की सुविधा के लिए पार्किंग, बैरिकेडिंग और अन्य तैयारियां अंतिम चरण में हैं। स्टेडियम की कुर्सियों को हाई-प्रेशर मशीन से साफ कर नया रूप दिया गया है। शनिवार को हुई सचिव स्तरीय बैठक में पुलिस, PWD, नगर निगम और जिला प्रशासन सहित सभी विभागों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गईं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button