रायपुर में मां-बेटे ने ज्वेलर्स को ठगा, नकली ब्रेसलेट देकर असली चेन लिए

रायपुर। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी मां-बेटे ने राजधानी रायपुर में ज्वेलर्स को ठग लिया। उन्होंने नकली सोने का ब्रेसलेट देकर करीब 1.68 लाख रुपए की असली सोने की चेन ले ली। यही नहीं, दोनों ने इसी पैटर्न पर बिलासपुर में भी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान और कार जब्त कर ली है।

यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के सदर बाजार स्थित एक ज्वेलरी शॉप में हुई। दुकान संचालक शालीभद्र धाड़ीवाल ने शिकायत दर्ज कराई कि 9 सितंबर की शाम एक महिला ब्रेसलेट रिपेयरिंग के बहाने दुकान पर आई। जब दुकानदार ने मरम्मत संभव नहीं बताया तो महिला ने बदले में नया चेन देने की मांग की। ज्वेलर्स ने ब्रेसलेट तौलकर 13 ग्राम 880 मिली का सोने का चेन दिया। महिला चेन लेकर तुरंत दुकान से निकल गई। बाद में जांच में पता चला कि दिया गया ब्रेसलेट नकली था।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो महिला के साथ एक पुरुष भी दिखाई दिया, जो कार से आया था। घेराबंदी कर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम सविता सिंह उर्फ सपना उर्फ सप्पो और पुरुष ने इशांत उर्फ अनुज वर्मा, निवासी गाजियाबाद (उ.प्र.) बताया। सविता ने कबूला कि आरोपी युवक उसका बेटा है और दोनों ने मिलकर यह ठगी की है।

आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बिलासपुर के सदर बाजार स्थित अजय ज्वेलर्स से भी इसी तरह नकली ब्रेसलेट देकर असली ब्रेसलेट ले चुके हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से एक सोने का ब्रेसलेट, एक सोने की चेन, 82,170 रुपये नकद और यूपी रजिस्टर्ड वेगनआर कार जब्त की है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button