तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित, ससुराल जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत

बालोद|छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शनिवार शाम तेज रफ्तार के कारण हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
घटना बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम जगन्नाथपुर की है। पुलिस के अनुसार, पिरिद निवासी भेलसिंह यादव (28) अपने साथी पोषण यादव (17) के साथ बाइक से घुमका की ओर से जगन्नाथपुर जा रहे थे। शाम करीब 5 बजे जगन्नाथपुर प्रवेश स्थल के पास बांध के नजदीक मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर नाली किनारे जा गिरी।
हादसे में बाइक चला रहे भेलसिंह यादव की मौके पर ही मौत हो गई। घायल पोषण यादव को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सांकरा में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
प्राथमिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना सामने आई है। बताया जा रहा है कि मृतक ने हेलमेट नहीं पहना था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्च्युरी भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।





