हरेली की खुशबू से महका उप मुख्यमंत्री का निवास, छत्तीसगढ़ी संस्कृति और स्वाद का दिखा अद्भुत संगम

रायपुर। नवा रायपुर स्थित उप मुख्यमंत्री अरुण साव के शासकीय निवास में आज हरेली पर्व पारंपरिक धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही घर का माहौल पूरी तरह छत्तीसगढ़ी रंग में रंगा नजर आया। उप मुख्यमंत्री ने पूरे विधि-विधान से हल और कृषि औजारों की पूजा की और गौमाता को आटे की लोंदी व गुड़ खिलाकर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने गेड़ी चलाकर बचपन की यादें भी ताजा कीं।

पारंपरिक पकवानों से हुआ मेहमानों का स्वागत

हरेली के खास मौके पर उप मुख्यमंत्री साव ने अपने निवास आए अतिथियों का स्वागत छत्तीसगढ़ी व्यंजनों से किया। चौसेला, गुलगुला भजिया, बरा, टमाटर की चटनी और अन्य पकवानों की खुशबू ने माहौल को पूरी तरह त्योहारमय बना दिया।

शासकीय और राजनीतिक हस्तियों ने दी उपस्थिति

कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक रोहित साहू और मोतीलाल साहू सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने मिलकर छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं का आनंद लिया।

https://youtu.be/dOObfuTasJA

हरेली के मौके पर पौधरोपण भी

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री साव ने अपने निवास परिसर में शीशम का पौधा भी लगाया। उन्होंने कहा कि यह त्योहार हमें प्रकृति से जोड़ता है और हरियाली की अहमियत समझाता है।

बचपन की यादों से जुड़ा हरेली

प्रदेशवासियों को हरेली की शुभकामनाएं देते हुए साव ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ का साल का पहला बड़ा त्योहार होता है, जो खेती और किसानों को समर्पित होता है। गेड़ी और पारंपरिक रीतियों से भरा यह पर्व बच्चों और बड़ों दोनों के लिए खुशी लेकर आता है।

उन्होंने कहा कि “हरेली से मेरे बचपन की कई मीठी यादें जुड़ी हैं। आज जब पूरे प्रदेश में इसे मनाया जा रहा है, तो हम सबको मिलकर अपनी संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए।”

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button