रायपुर: ट्रेन या प्लेटफॉर्म पर खोए 75 मोबाइल जीआरपी ने लौटाए, लोगों के चेहरे पर लौटी खुशी

रायपुर। ट्रेन और प्लेटफॉर्म पर मोबाइल चोरी या गुम होने के बाद लोग अक्सर उम्मीद छोड़ देते हैं कि उन्हें उनका फोन कभी वापस मिलेगा। लेकिन जीआरपी (Government Railway Police) ने लोगों की ये धारणा बदल दी है। जीआरपी एसपी श्वेता सिन्हा ने कहा कि अगर किसी यात्री का मोबाइल चोरी हो जाए या गुम हो जाए, तो अब वे निश्चिंत रहें, जीआरपी उनकी पूरी मदद करेगी।
ऐसा ही नजारा आज जीआरपी एसपी कार्यालय में देखने को मिला, जब 75 लोगों को उनके खोए या चोरी हुए मोबाइल लौटाए गए। इनमें वे लोग शामिल थे जिनके फोन ट्रेन या स्टेशन पर गुम हो गए थे।
लोगों ने खुशी जताते हुए कहा कि उन्होंने तो उम्मीद ही छोड़ दी थी कि उनका मोबाइल कभी वापस मिलेगा। लेकिन जब जीआरपी ने उन्हें फोन लौटाया तो उनके चेहरे खिल उठे।
जीआरपी की यह पहल पहली बार इतनी बड़ी संख्या में हुई है, जब चोरी या गुम हुए 75 मोबाइल एक साथ उनके मालिकों को लौटाए गए। एसपी श्वेता सिन्हा ने सभी से अपील की कि अगर उनका मोबाइल ट्रेन या प्लेटफॉर्म पर खो जाए, तो तुरंत जीआरपी को सूचना दें।





