बस्तर में राज्योत्सव का भव्य आगाज, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया शुभारंभ

बस्तर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आज बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया। इस मौके पर उन्होंने राज्योत्सव स्थल पर लगे विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण किया और आमचो बस्तर हाट कियोस्क का उद्घाटन करते हुए कलागुड़ी कैटलॉग का विमोचन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि दंतेश्वरी मैय्या की पवित्र धरा पर राज्योत्सव का आयोजन होना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि “हमारा छत्तीसगढ़ अब 25 वर्ष का हो गया है और इस दौरान राज्य ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।”

उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके सपनों का छत्तीसगढ़ आज विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। साव ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, उच्च शिक्षा, और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में राज्य ने बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ा रही है। सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई से अब कई दुर्गम क्षेत्र नक्सल मुक्त हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि “बस्तर अब देश और दुनिया में अपनी अनोखी कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और पर्यटन के लिए पहचान बना रहा है।”

साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब रजत जयंती वर्ष में प्रवेश कर चुका है और पूरे राज्य में इसे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा, “छत्तीसगढ़ अब लंबी उड़ान के लिए तैयार है, हमें मिलकर इसे हर क्षेत्र में आगे ले जाना है।”

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button