शादी के दबाव में प्रेमिका की हत्या, पत्थर से कुचलकर डैम में फेंकी लाश

छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में एक युवक ने शादी के दबाव से परेशान होकर अपनी प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए, फिर विवाद के दौरान पत्थर से उसके सिर पर वार कर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद शव को पत्थर से बांधकर डैम में फेंक दिया।

घटना ठेलकाडीह थाना क्षेत्र की है। मृतका की पहचान सुपेला निवासी रूपा साहू के रूप में हुई है। वह हड़वा गांव के रहने वाले आनंद वर्मा के साथ पिछले तीन-चार वर्षों से प्रेम संबंध में थी। दोनों के रिश्ते की जानकारी उनके परिवार वालों को भी थी।

पुलिस के अनुसार, रूपा लगातार आनंद पर शादी करने का दबाव बना रही थी। कुछ महीने पहले वह इसी बात को लेकर उसके घर भी पहुंची थी, लेकिन आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर वापस भेज दिया था।

25 जनवरी को आरोपी रूपा को बाइक से हड़वा डैम की ओर घुमाने ले गया। वहां दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने। इसी दौरान शादी को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में आकर आनंद ने पास पड़े पत्थर से रूपा के सिर पर कई बार हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी ने पकड़े जाने के डर से शव को दो गमछों से बांधा और एक बड़े पत्थर के साथ डैम में फेंक दिया। 26 जनवरी को स्थानीय लोगों ने डैम में युवती का शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मौके से मिले आधार कार्ड, चप्पल और अस्पताल से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर मृतका की पहचान की गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोटों के कारण अत्यधिक रक्तस्राव से मौत की पुष्टि हुई।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतका का आरोपी से प्रेम संबंध था। इसके बाद आनंद को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती बरतने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button