गरियाबंद: जंगली सुअर के हमले से महिला की मौत, बुजुर्ग घायल

गरियाबंद। जिले में जंगली सुअर के हमले के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं, जिनमें एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया।

पहली घटना नवागढ़ वन परिक्षेत्र के कारीडोंगरी जंगल की है, जहां आज सुबह करीब 6 बजे हुम बाई नेताम तीन अन्य महिलाओं के साथ महुआ फूल बीनने गई थीं। इसी दौरान एक जंगली सुअर ने अचानक पीछे से उन पर हमला कर दिया। साथ गई महिलाओं ने किसी तरह सुअर को भगाया, लेकिन हुम बाई नेताम गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

दूसरी घटना परसुली वन परिक्षेत्र के ग्राम लिमडीह की है। यहां 60 वर्षीय भगतराम भुजिया भी महुआ फूल बीनने जंगल गए थे, तभी जंगली सुअर ने उन पर हमला कर दिया। उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

वन विभाग के उप वनमंडलाधिकारी मनोज चंद्राकर ने बताया कि जंगली सुअर के हमले से मौत होने पर पीड़ित परिवार को विभाग की ओर से 6 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाती है। फिलहाल मृतका के परिजनों को 25 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता दी गई है, शेष राशि प्रक्रिया पूरी होने के बाद दी जाएगी। घायल बुजुर्ग को भी इलाज के लिए आर्थिक सहायता दी गई है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगल में जाने से पहले सावधानी बरतें और किसी भी अप्रिय घटना की तुरंत सूचना दें।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button