किसान को खराब हार्वेस्टर बेचकर ठगा, धमकियां भी मिलीं; एसपी ऑफिस में शिकायत, पुलिस ने शुरू की जांच

राजनांदगांव। जिले में एक किसान को खराब हार्वेस्टर बेचकर धोखा देने और धमकाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने एसपी कार्यालय में लिखित शिकायत देकर न्याय की मांग की है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना बसंतपुर थाना क्षेत्र की है।

ग्राम आतरगांव के किसान दयालूराम साहू ने बताया कि उन्होंने नवंबर 2025 में वर्धमान कृषि केंद्र से 26 लाख 50 हजार रुपए का हार्वेस्टर खरीदने का सौदा किया था। दुकान संचालक श्रेणिक गोलछा ने उनसे 3.20 लाख रुपए डाउन पेमेंट लिया और बाकी रकम फाइनेंस करवाने की बात कही।

व्यापारी के भरोसे में आकर किसान ने 3.20 लाख रुपए के साथ दो खाली चेक और अपनी जमीन के मूल दस्तावेज दुकान में जमा कर दिए। लेकिन हार्वेस्टर की डिलीवरी के बाद ही परेशानियां बढ़ने लगीं। मशीन पहले दिन से ही खराब रहने लगी। किसान के अनुसार, “सिर्फ 15 दिनों में 15 बार मिस्त्री बुलाना पड़ा। कटाई का पूरा मौसम निकल गया, लेकिन हार्वेस्टर खेत में खड़ा ही रह जाता था।”

मजबूर होकर किसान ने 22 नवंबर को दुकान पहुंचकर हार्वेस्टर वापस लेने और रकम लौटाने की मांग की। आरोप है कि व्यापारी ने न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। किसान को डराने के लिए व्यापारी ने उसके दिए गए खाली चेक में 23 लाख 30 हजार रुपए भरकर बैंक में जमा भी कर दिया।

दयालूराम का कहना है कि उसकी पूरी जमा-पूंजी बर्बाद हो गई है और वह कर्ज के बोझ तले दब गया है। पीड़ित किसान की मांग है कि उसकी रकम वापस दिलाई जाए और आरोपी व्यापारी पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई शिकायत के आधार पर की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button