सहारनपुर में पारिवारिक विवाद ने लिया उग्र रूप, पति ने पत्नी और बेटियों पर बरसाए पत्थर, गांव में मचा हड़कंप

सहारनपुर के देहात कोतवाली क्षेत्र के सढ़ौली हरिया गांव में जमीन विवाद के चलते शनिवार को बड़ा बवाल हो गया। एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और दो बेटियों को घर में घुसने नहीं दिया और जब ग्रामीणों व समाजसेवी महिलाओं ने बीचबचाव कर उन्हें घर में प्रवेश दिलाने की कोशिश की, तो आरोपी पति ने छत पर चढ़कर भीड़ पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। अचानक हुए पथराव से भगदड़ मच गई और समाजसेवी कोमल गुर्जर घायल हो गईं।

जानकारी के अनुसार, आरोपी का नाम बालेश कुमार है जिसने अपनी पत्नी गीता देवी और बेटियों आंचल व आरजू को छह दिन पहले ही घर से निकाल दिया था। तब से तीनों महिलाएं गांव में ही इधर-उधर भटक रही थीं। बताया गया कि परिवार में जमीन के बंटवारे को लेकर पुराना विवाद चल रहा है जो इस समय हाईकोर्ट में विचाराधीन है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दो घंटे की मशक्कत के बाद हालात काबू में किए। समाजसेवी महिलाओं ने पीड़ित मां-बेटियों को पुलिस सुरक्षा में घर में दाखिल कराया। उन्होंने इस घटना को महिलाओं के सम्मान के खिलाफ बताते हुए आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि मां-बेटियों के साथ किया गया व्यवहार अमानवीय है और प्रशासन को उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। वहीं वायरल वीडियो में आरोपी पति बालेश यह कहते हुए नजर आया कि उसने तलाक के लिए कोर्ट में याचिका दी है और फिलहाल वह पत्नी को 25 हजार रुपये देकर अलग रहने का प्रस्ताव दे चुका है।

एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि यह मामला जमीन विवाद से जुड़ा है और वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। आरोपी द्वारा पथराव करने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया है और अब पूरे घटनाक्रम की विधिक जांच जारी है।

गांव में फिलहाल तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं प्रशासन ने शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button