छत्तीसगढ़ में बढ़ी ठंड, तीन दिनों तक चलेगी शीतलहर, अंबिकापुर सबसे ठंडा शहर बना

छत्तीसगढ़ में एक बार फिर सर्दी ने जोर पकड़ लिया है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 12 से 15 नवंबर तक प्रदेश के उत्तर और मध्य हिस्सों में शीतलहर का असर रहेगा। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर और सरगुजा जिलों में तीव्र शीत लहर चलने की संभावना जताई गई है। वहीं, जशपुर, कबीरधाम, मुंगेली, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर और कोरबा जिलों में भी ठंडी हवाओं का असर देखा जा सकता है।
प्रदेश में तापमान लगातार गिर रहा है। अंबिकापुर इस समय राज्य का सबसे ठंडा शहर बना हुआ है, जहां न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री और न्यूनतम 13.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 1.5 और 4.1 डिग्री कम रहा। जगदलपुर में तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सबसे गर्म रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क रहेगा। उत्तर छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में तीव्र शीत लहर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में सामान्य शीत लहर चल सकती है। रायपुर में गुरुवार को आसमान साफ से लेकर आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम लगभग 14 डिग्री तक रहने की संभावना जताई गई है।
अन्य जिलों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बिलासपुर में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री, पेंड्रारोड में 10 डिग्री, दुर्ग में 9.6 डिग्री और राजनांदगांव में 9 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश में तापमान में और गिरावट संभव है, जिससे लोगों को सुबह और रात के समय ठिठुरन का सामना करना पड़ेगा।





