रायगढ़ में करंट से हाथी की मौत, वन विभाग ने अब तक 10 आरोपियों को किया गिरफ्तार

रायगढ़ में करंट से हाथी की मौत

रायगढ़ जिले के तमनार वन परिक्षेत्र में करंट लगने से एक हाथी की मौत के मामले में वन विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। विभाग ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिससे इस प्रकरण में गिरफ्तारियों की कुल संख्या 10 हो गई है।

नवगठित आरोपियों में ग्राम नूनदरहा के लक्ष्मीराम पिता भगतराम, रामप्रसाद पिता दया, मोहन पिता पालिस राम तथा ग्राम केराखोल के महावीर पिता मालिकराम और घसियाराम पिता लछन यादव शामिल हैं। इससे पहले विभाग ने बसंत राठिया, वीर सिंह मांझी, रामनाथ राठिया, देवनारायण राठिया और जयलाल मांझी को गिरफ्तार किया था।

विभाग ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार व्यक्तियों को न्यायालय में पेश किया गया है, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वन विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही या अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारी लगातार यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि ऐसे मामलों में दोषियों को कठोरतम सजा दी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही आम है, इसलिए बिजली के खुले तारों और अवैध करंट फेंसिंग पर सख्त रोक जरूरी है। विभाग ने ग्रामीणों से भी अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत वन अधिकारियों को दें, ताकि वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button