Good Governance Tihar: शिक्षा विभाग को मिले 1874 आवेदन, स्कूलों में बाउंड्री वाल उठाने की मांग

Good Governance Tihar: बिलासपुर। सुशासन तिहार के अंतर्गत जिला शिक्षा कार्यालय में ऑनलाइन एवं प्रत्यक्ष रूप से कुल 1874 आवेदन प्राप्त हुए हैं। ये आवेदन शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कार्यों के लिए प्राप्त हुए हैं। इनमें सबसे अधिक संख्या में जन मांग से जुड़े आवेदन हैं, वहीं कुछ शिकायतें भी सामने आई हैं। प्राप्त आवेदनों में कई जगह शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की गई है ।
खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी को लेकर अभिभावकों ने चिंता जताई है। वहीं कुछ आवेदनों में विद्यालय प्राचार्य को हटाने की मांग भी सामने आई है, जिसे लेकर विभाग द्वारा समीक्षा की जा रही है। शिविरों के माध्यम से स्कूल भवन की मरम्मत और नए भवनों के निर्माण की भी कई मांगें प्राप्त हुई हैं। ग्रामीण अंचलों से विशेष रूप से बाउंड्री वॉल और सुरक्षित विद्यालय परिसर की जरूरत बताई गई है। इसके अलावा कई स्कूलों में आधारभूत संरचना के अभाव की जानकारी दी गई है।
शिविर में संविदा शिक्षक और कर्मचारियों ने अपनी सेवाओं को नियमित करने की मांग भी की है। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी अनिल तिवारी ने बताया कि सभी मांगों का गंभीरता से परीक्षण कर समाधान और कार्यान्वयन की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। सुशासन तिहार का उद्देश्य ही जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण है।





