ईडी अधिकारियों पर प्रताड़ना का आरोप, कांग्रेसियों ने थाने में कराई शिकायत

रायपुर। राजधानी में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगे हैं। कांग्रेसी नेता हेमंत चंद्राकर ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि पूछताछ के दौरान उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व उनके करीबी लोगों के खिलाफ गवाही देने का दबाव बनाया गया।
रोहणीपुरम की कंचनगंगा कॉलोनी निवासी हेमंत चंद्राकर ने पुलिस को बताया कि वह 29 सितंबर को सुबह 10:30 बजे ईडी दफ्तर पूछताछ के लिए गए थे। पूछताछ रात 8:30 बजे तक चली और फिर उन्हें अगले दिन दोबारा बुलाया गया। चंद्राकर का आरोप है कि इस दौरान मारपीट की गई और मजबूर किया गया कि वह कहें कि भूपेश बघेल के करीबी नेताओं व उनके एजेंटों को कमीशन दिया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी अधिकारी उनके परिवार को भी परेशान कर रहे हैं और अवैधानिक तरीके से बयान लेने की कोशिश की जा रही है। हेमंत चंद्राकर ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।





