दुर्ग पुलिस ने नशीली दवाओं की बड़ी खेप के साथ 30 तस्करों को किया गिरफ्तार

दुर्ग। जिले में नशाखोरी और तस्करी के खिलाफ जिला पुलिस दुर्ग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हाल ही में बड़ी कार्रवाई की गई। 1 सितंबर 2025 से लगातार जारी इस अभियान में पुलिस ने नशा तस्करों और विक्रेताओं को निशाना बनाया। इस कार्रवाई में लगभग 84.77 लाख रुपए मूल्य की नशीली दवाएं, टैबलेट्स, गांजा और चिट्टा जब्त किया गया है।
थाना कुम्हारी में एक कंटेनर में तस्करी करते हुए पुलिस ने 388 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इस मामले में महाराष्ट्र के दो अंतरराज्यीय तस्कर और ड्राइवर भी पकड़े गए। इसके अलावा, थाना मोहन नगर क्षेत्र में पंजाब के चार तस्करों के साथ 246 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। इस गैंग में शामिल सभी छोटे-बड़े विक्रेताओं को कुल मिलाकर 30 की संख्या में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इस मामले में आगे भी गिरफ्तारी की संभावना जताई है।
अभियान के दौरान 16 सितंबर 2025 को विशेष कार्रवाई कर एनडीपीएस एक्ट के 17 मामलों में 19.531 किलोग्राम गांजा और 106 नग टैबलेट्स/सीरप भी जब्त किए गए। नशीली दवाओं और सिरींज की तस्करी पर भी पुलिस की टीम लगातार नजर बनाए हुए थी। इसी दौरान कुख्यात तस्कर वैभव खंडेलवाल से हजारों की संख्या में अल्प्राजोरम टैबलेट बरामद किए गए। तत्पश्चात थाना दुर्ग कोतवाली में 10,000 से अधिक नशीले टैबलेट एक साथ जब्त किए गए।
इस पूरी कार्यवाही में एएसीसीयू के स्टाफ और थाना की टीमों ने मिलकर हिस्सा लिया। जिले में लगातार की जा रही यह कार्रवाई नशा तस्करी और अवैध कारोबार पर पुलिस की सख्त पकड़ का उदाहरण है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अभियान से न केवल तस्करों को सबक मिलेगा, बल्कि आम नागरिकों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने में भी मदद मिलेगी।
इस सफलता के बाद दुर्ग पुलिस ने इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है और ऐसे सभी अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने का आश्वासन दिया है। जिले में तस्करी और नशाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस टीम लगातार निगरानी और छापामारी कर रही है।





