DRM Gherao: ट्रांसफर पॉलिसी के उल्लंघन पर भड़के रेलवे कर्मचारी: बिलासपुर डीआरएम कार्यालय का किया घेराव
217 पदों पर पदोन्नति के बाद नियमों को ताक पर रखने का आरोप, उग्र आंदोलन की दी चेतावनी..

बिलासपुर रेल मंडल में पदोन्नति के बाद हुए स्थानांतरण को लेकर रेलवे कर्मचारियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है, (DRM Gherao) जिसके विरोध में बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने डीआरएम कार्यालय का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों का आरोप है कि हाल ही में 217 कर्मचारियों का एएलपी (ALP) से एलपीजी (LPG) पद पर प्रमोशन किया गया है, लेकिन उनके पोस्टिंग ऑर्डर में वर्ष 2014 की उस ट्रांसफर पॉलिसी का खुला उल्लंघन किया गया है जो प्रशासन और यूनियन के बीच आपसी सहमति से बनी थी।
उग्र आंदोलन की दी चेतावनी (DRM Gherao)
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे कर्मचारी नेता ने मीडिया से चर्चा के दौरान बताया कि सीनियर डीपीओ (Sr. DPO) ने इस स्थापित नीति को मानने से स्पष्ट इंकार कर दिया है, जिससे सैकड़ों कर्मचारी प्रभावित हो रहे हैं। वर्तमान में कर्मचारियों का एक प्रतिनिधिमंडल अधिकारियों से चर्चा करने अंदर गया है, लेकिन उन्होंने दोटूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि बातचीत के माध्यम से उनकी मांगों का सार्थक समाधान नहीं निकला और पुरानी नीति के अनुसार संशोधन नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में इस आंदोलन को और भी उग्र और व्यापक रूप दिया जाएगा…





