संभागायुक्त का आकस्मिक निरीक्षण, कलेक्टोरेट और अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सख्ती

बिलासपुर।संभागायुक्त महादेव कावरे ने शनिवार को बिलासपुर के जिला कलेक्टोरेट और जिला अस्पताल का अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कलेक्टोरेट की अलग-अलग शाखाओं का गहन अवलोकन किया और दस्तावेजों की स्थिति का जायजा लिया। जहां रिकॉर्ड अधूरे पाए गए, वहां एक सप्ताह के भीतर सभी दस्तावेज अपडेट करने के निर्देश दिए गए। खाद्य विभाग की सहायक वर्ग-2 कर्मचारी भारती सिंह द्वारा कैश बुक और सेवा पुस्तिका अधूरी रखने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
भर्ती, पेंशन और धान मिलान पर विशेष ध्यान, अर्थदंड वसूली का अभियान चलाने के निर्देश
संभागायुक्त ने भर्ती, पेंशन और अनुकम्पा नियुक्ति से जुड़ी महत्वपूर्ण फाइलों की भी गहराई से जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अर्थदंड वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। इसके साथ ही, धान मिलान की प्रक्रिया की धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर करते हुए इसे जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए।
जिला अस्पताल में मरीजों से की बातचीत, भोजन और इलाज की व्यवस्थाएं देखीं
निरीक्षण के अगले चरण में संभागायुक्त जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न वार्डों में जाकर मरीजों से इलाज और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। डेंटल और ऑर्थोपेडिक डॉक्टरों के समय पर उपस्थित न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती 19 कुपोषित बच्चों की देखभाल की व्यवस्था देखी और माताओं से बच्चों की स्थिति पर बात की।
उन्होंने अस्पताल की रसोई में जाकर मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता भी जांची और चादरें समय पर बदले जाने की व्यवस्था की सराहना की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने 70 वर्ष से अधिक आयु की एक बुजुर्ग महिला का तत्काल वय वंदन आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश भी दिए।
इस निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त अमित कुमार, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल और सिविल सर्जन डॉ. अनिल गुप्ता सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।





