सिरगिट्टी में संचालित पान मसाला फैक्ट्री पर विवाद, रहवासियों ने की बंद कराने की मांग

बिलासपुर। सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र में संचालित राजश्री पान मसाला फैक्ट्री को लेकर स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। रहवासियों ने फैक्ट्री के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाते हुए इसे बंद कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इस फैक्ट्री के कारण क्षेत्र में गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं, जिससे कैंसर जैसी घातक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
अवैध नियुक्ति और आपराधिक गतिविधियों का अड्डा
स्थानीय लोगों का आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा बाहरी श्रमिकों की अवैध भर्ती की जा रही है, जिनका कोई पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया है। इससे आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का जमावड़ा फैक्ट्री परिसर में हो गया है, जिससे मोहल्ले के लोगों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है।
प्रदूषण से बिगड़ रही है हवा और पानी की गुणवत्ता
मोहल्ले वासियों ने बताया कि फैक्ट्री से निकलने वाले धुएं और रासायनिक अपशिष्ट के कारण आसपास के वातावरण में भारी प्रदूषण फैल रहा है। दूषित हवा के चलते लोगों को सांस लेने में तकलीफ होती है और पीने का पानी भी प्रभावित हो गया है। उनका कहना है कि यह स्थिति दिन-ब-दिन और गंभीर होती जा रही है।
स्थानीय युवाओं को नहीं मिल रहा रोजगार
फैक्ट्री द्वारा स्थानीय युवाओं को रोजगार देने में भी उपेक्षा बरती जा रही है। रहवासियों का आरोप है कि फैक्ट्री में बाहरी लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे स्थानीय शिक्षित बेरोजगारों में भारी असंतोष है।
प्रशासन से की गई कार्रवाई की मांग
वार्डवासी राजाराम और अशोक ने प्रशासन से अपील की है कि इस फैक्ट्री की जांच कर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाए। नागरिकों ने कहा कि जब तक फैक्ट्री को बंद नहीं किया जाता, तब तक वे शांत नहीं बैठेंगे।





