मरीन ड्राइव निर्माण को लेकर तोड़फोड़ शुरू, महिलाओं और पुलिस में झड़प

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर में केलो नदी किनारे कयाघाट क्षेत्र में मरीन ड्राइव बनाने के लिए प्रशासन ने तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार सुबह 8:30 बजे भारी पुलिस बल की मौजूदगी में नगर निगम ने पहले चरण में 15 से अधिक घरों को तोड़ दिया। यह कार्रवाई कुल 295 घरों को नोटिस दिए जाने के बाद हो रही है, जिसमें अगले चरणों में 100 से अधिक घर गिराए जाएंगे।

कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार देर रात सैकड़ों लोग कलेक्टर निवास का घेराव करने पहुंचे थे। लोगों ने घर नहीं तोड़ने की मांग को लेकर नारेबाजी की थी, लेकिन प्रशासन अपने निर्णय पर अडिग रहा। शनिवार सुबह से ही पुलिस और नगर निगम की टीम क्षेत्र में पहुंच गई, जिसके बाद तनाव फैल गया। तोड़फोड़ का विरोध करने पहुंची महिलाओं की पुलिस से झड़प भी हो गई। महिला पुलिस बल ने उन्हें हटाने की कोशिश की, जिससे मौके पर तनाव और बढ़ गया। पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

इससे पहले नोटिस मिलने के कुछ ही समय बाद एक बुजुर्ग महिला दुखनी बाई की मौत हो गई थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि घर टूटने के डर से उन्हें सदमा लगा, जिससे उनकी मौत हुई। वहीं एक अन्य महिला गंगा बाई बंजारे भी सदमे में बताई जा रही हैं। स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और मंत्री चौधरी के बंगले के घेराव की तैयारी की जा रही है। महापौर जीवर्धन चौहान ने इन आरोपों को निराधार बताया है। स्थिति अभी भी तनावपूर्ण बनी हुई है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button