सड़क पर केक काटना पड़ा महंगा, 4 युवक गिरफ्तार

बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में सड़क पर बर्थडे पार्टी मनाना कुछ युवकों को महंगा पड़ गया। आम रास्ते पर केक काटने और हंगामा करने वाले चार युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि मौके से 15 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं।

ये घटना 14 अप्रैल 2025 की रात करीब 9:45 बजे की है, जब पुलिस को सूचना मिली कि राजकिशोर नगर स्थित बीएसएनएल कार्यालय के सामने 10-15 युवक सड़क पर ही बर्थडे पार्टी मना रहे हैं। वे केक काट रहे थे और सड़क को पूरी तरह जाम कर रखा था।

सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर कई युवक भाग निकले, लेकिन चार युवकों – इरफान अली, सतीश उर्फ मॉन्टू यादव, ईब्राहिम डेविड बेलाडरेस और आकाश ठाकुर – को मौके से पकड़ा गया। जब पुलिस ने उन्हें समझाने की कोशिश की, तो वे बहस करने लगे और बदतमीजी पर उतर आए।

थाना प्रभारी निलेश पांडेय की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चारों को गिरफ्तार कर थाने लाया। उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। साथ ही, मौके पर खड़ी 15 बाइक को भी जब्त कर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने साफ किया है कि इस तरह की सार्वजनिक जगहों पर हंगामा करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button