सुशासन शिविर में उमड़ी लोगों की भीड़, दो दिन में 728 आवेदन पहुंचे प्रशासन के पास

भिलाई नगर निगम क्षेत्र में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याओं और सरकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन जमा किए। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, पेंशन और अन्य सुविधाओं के लिए लोगों ने आवेदन दिए। प्रशासन की ओर से अलग-अलग विभागों के काउंटर लगाए गए थे, जहां मौके पर ही प्रक्रिया शुरू की गई।

मांग और शिकायतों से जुड़े आवेदन पहुंचे

निगम प्रशासन के अनुसार, दो दिनों में कुल 728 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 472 आवेदन विभिन्न मांगों से जुड़े हैं, जबकि 256 आवेदन शिकायतों के हैं। लोगों ने सड़क, सफाई, पेयजल, कर संबंधी समस्याओं और सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने जैसी परेशानियां अधिकारियों के सामने रखीं।

शिविर में मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों ने नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ जरूरी दस्तावेजों की प्रक्रिया भी समझाई। कई लोगों को मौके पर ही आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई।

कलेक्टर और विधायक ने लिया जायजा

शिविर का निरीक्षण करने के लिए वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, कलेक्टर अभिजीत सिंह और निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय भी पहुंचे। उन्होंने अलग-अलग विभागों के काउंटरों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने शिविर में पहुंचे लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी ली। इस दौरान विभिन्न विभागों के कर्मचारी और अधिकारी मौजूद रहे।

घर बैठे सुविधाएं देने पर जोर

सुशासन तिहार के तहत लोगों को घर बैठे कई सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए दस्तावेजों की प्रक्रिया को आसान बनाने और शिकायतों का त्वरित निराकरण करने पर जोर दिया जा रहा है।

शिविर में पहुंचे नागरिकों ने भी एक ही स्थान पर कई विभागों की सुविधाएं मिलने पर संतोष जताया। प्रशासन का कहना है कि आगे भी इस तरह के शिविरों के जरिए लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button