रायपुर: महिला बाल विकास विभाग के विवादित अधिकारी सुनील कुमार शर्मा रिटायर, फिर से संविदा पर लौटने की तैयारी!

रायपुर। छत्तीसगढ़ के महिला एवं बाल विकास विभाग के उपसंचालक सुनील कुमार शर्मा इस महीने के आखिर में सरकारी नौकरी से रिटायर हो रहे हैं। सरकार ने 23 जुलाई 2025 को उनका सेवानिवृत्ति आदेश जारी कर दिया है। उनकी जगह अब उपसंचालक अभय कुमार को विभाग का अतिरिक्त चार्ज सौंपा गया है।
सुनील शर्मा पर कई गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप हैं। जानकारी के मुताबिक उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में सामान खरीदी के नाम पर करीब 40 करोड़ रुपये का गबन किया है। साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि उन्होंने विभाग के टेंडरों के जरिए हजारों करोड़ रुपये की अनियमितताएं की हैं। सुनील शर्मा कांग्रेस शासन के दौरान तत्कालीन महिला बाल विकास मंत्री के करीबी माने जाते थे।
चौंकाने वाली बात ये है कि रिटायर होने के बाद भी शर्मा एक बार फिर उसी पद पर संविदा नियुक्ति के लिए प्रयासरत हैं। खबर है कि वे एक बार फिर मंत्री बंगलों के चक्कर काट रहे हैं और ऊपर तक पैसा पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। विभाग में चर्चा है कि अगर सब कुछ उनके अनुसार चलता रहा तो जल्द ही उन्हें संविदा पर फिर से नियुक्त कर दिया जाएगा।
इस पूरे घटनाक्रम से विभाग के दूसरे अधिकारी और कर्मचारी हैरान हैं। सभी का कहना है कि पिछले 15 सालों में सुनील शर्मा ने सरकार कोई भी रही हो, विभाग में अपनी पकड़ बनाकर कई टेंडरों में गड़बड़ी की है। कई ठेकेदार भी उन्हें विभाग का सबसे भ्रष्ट अधिकारी बताते हैं।
विभाग में उनके खिलाफ कई जांचें चल रही हैं, लेकिन अभी तक किसी जांच का नतीजा सामने नहीं आया है और न ही कोई कार्रवाई हुई है। अब देखना होगा कि क्या एक बार फिर ये अधिकारी संविदा नियुक्ति के जरिए वापस लौट पाएगा या नहीं।
सवाल यही उठता है – क्या भ्रष्टाचार के बाद भी कोई अधिकारी इतनी आसानी से बच सकता है?





