कवर्धा सड़क हादसे में घायल आरक्षक रुपेश राजपूत की मौत, दो लोगों का इलाज जारी

कवर्धा जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में घायल पुलिस आरक्षक रुपेश राजपूत की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में घायल एक अन्य पुलिसकर्मी समेत दो लोगों का इलाज अभी जारी है। घटना लोहारा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, आरक्षक रुपेश राजपूत डीएसबी शाखा में पदस्थ थे। सोमवार को वह साथी आरक्षक रेखूराम धुर्वे के साथ लोहारा नगर पंचायत उपचुनाव से जुड़ी जानकारी लेने ड्यूटी पर गए थे। ड्यूटी खत्म करने के बाद दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे।

इसी दौरान लोहारा नगर पंचायत सीमा में सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दूसरी बाइक सवार युवक भी घायल हुआ।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत में आरक्षक रुपेश राजपूत को बेहतर इलाज के लिए रायपुर के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया था, जहां तीन दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद उनकी मौत हो गई।

मनीष मिश्रा ने बताया कि हादसे में घायल अन्य दो लोगों का इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button