प्रदेश प्रवास पहुंचे कांग्रेस प्रभारी, बीजेपी पर बोला हल्ला; बोले डबल इंजन सरकार धुआं फेंक रही

बिलासपुर में करेंगे ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ सभा

बिलासपुर।कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट सोमवार को रायपुर पहुंचे। यहां एयरपोर्ट पर पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने उनका स्वागत किया। मीडिया से चर्चा में उन्होंने भाजपा की डबल इंजन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार केवल धुआं फेंक रही है, जनता की परेशानियों पर कोई काम नहीं कर रही।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में चुनाव लड़ने संबंधी बयान पर पायलट ने कहा कि कांग्रेस मिलकर चुनाव लड़ेगी, किसी एक व्यक्ति विशेष की बात नहीं है। वहीं महंत के सांप-बिच्छू वाले बयान पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक अनुशासित पार्टी है और विपक्ष की सक्रिय भूमिका निभा रही है।

उन्होंने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर भी सवाल उठाए और कहा कि वह दबंग व्यक्ति रहे हैं, लेकिन अचानक चुप्पी और इस्तीफे के पीछे की सच्चाई कभी न कभी सामने आएगी।

पायलट रायपुर से बिलासपुर रोड होते हुए रवाना हुए। दोपहर 1 बजे बिलासपुर के ग्रीन गार्डन मैदान में होने वाली ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ सभा में शामिल होंगे। आयोजन में 25 हजार लोगों की भीड़ जुटाने का दावा किया गया है। कांग्रेस का कहना है कि यह केंद्र सरकार के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा प्रदर्शन होगा।

हालांकि उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस की यात्रा झूठ से शुरू हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि हार के बाद कांग्रेस ईवीएम और चुनाव आयोग पर सवाल उठाती है, अब वोट चोरी का आरोप लगाकर संवैधानिक संस्थाओं का अपमान कर रही है। इस सभा में प्रदेश प्रभारी पायलट समेत भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव, दीपक बैज, चरणदास महंत और सभी बड़े नेता मौजूद रहेंगे। आयोजन की जिम्मेदारी भिलाई विधायक देवेंद्र यादव को दी गई है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button