पेंड्रा-अमरकंटक में शीतलहर का असर, तापमान सामान्य से 9 डिग्री नीचे, घने कोहरे से बढ़ी ठिठुरन

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: पेंड्रा-अमरकंटक क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शीतलहर जैसे हालात के कारण सुबह और रात के समय घना कोहरा छा रहा है, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई है। ठंड के चलते जनजीवन प्रभावित हो रहा है और लोगों को अलाव व गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है।
पेंड्रा में न्यूनतम तापमान करीब 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो जनवरी के सामान्य औसत तापमान से काफी कम है। वहीं अमरकंटक में पारा 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। यह तापमान सामान्य से लगभग 9 डिग्री और पिछले वर्ष की तुलना में करीब 6 डिग्री कम बताया जा रहा है, जिसे शीतलहर की स्थिति माना जा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर, मध्य और पूर्व भारत के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्सों में ठंडी हवाओं और शीतलहर की स्थिति बनी रहने की संभावना है। इसके चलते आगामी दिनों में तापमान में और गिरावट हो सकती है।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में घने से बहुत घने कोहरे की आशंका जताई गई है। सुबह के समय सड़कों पर कोहरे की चादर छाई रहने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और सड़क हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की है।





