सीएम विष्णुदेव साय ने ऑपरेशन महादेव की तारीफ की, कहा- सेना ने आतंकियों को दिया करारा जवाब

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पहलगाम आतंकी हमले में शामिल आतंकियों के खात्मे पर भारतीय सेना और सुरक्षाबलों की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन महादेव में सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मिलकर तीन आतंकियों को ढेर किया, जो हाल ही में हुए हमले में शामिल थे।

सीएम ने कहा, “सेना के पराक्रम से तीनों गुनहगारों को सज़ा मिल चुकी है। मैं हमारे वीर सुरक्षाबलों को नमन करता हूँ। उनका साहस हर देशवासी के दिल में गर्व और आत्मविश्वास की भावना पैदा करता है।”

उन्होंने कहा कि ऑपरेशन महादेव सिर्फ एक सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि आतंक के खिलाफ भारत की कड़ी चेतावनी है।

विष्णुदेव साय ने यह भी कहा कि यह ऑपरेशन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के मजबूत नेतृत्व और आतंकवाद के खिलाफ उनके संकल्प का नतीजा है।

“यह एक सशक्त संदेश है उन सभी दुश्मनों को, जो भारत में आतंक फैलाने की नीयत से कदम रखते हैं। हमारी सेना हर चुनौती का डटकर सामना कर रही है,” – सीएम साय ने कहा।

भारतीय सेना के इस साहसी ऑपरेशन से एक बार फिर साबित हो गया है कि देश की सुरक्षा के साथ कोई खिलवाड़ नहीं कर सकता।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button