अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण पर दिया जोर

रायपुर: अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि दिव्यांगजन हमारे समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उनकी सशक्तिकरण के लिए छत्तीसगढ़ सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह दिवस समाज को यह समझने का अवसर देता है कि दिव्यांगजन किसी भी दृष्टि से कमतर नहीं हैं। उन्होंने कहा कि एक प्रगतिशील समाज वही है, जो सभी को बराबरी के अवसर दे और किसी को उसकी शारीरिक सीमाओं के कारण पीछे न रहने दे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है ताकि दिव्यांगजनों के अधिकार, सम्मान और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित हो सके। इसके लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, सहायता उपकरण, कौशल-विकास, रोजगार अवसर, सामाजिक सुरक्षा और अनुकूल वातावरण बनाने जैसी कई योजनाएँ लागू की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य दिव्यांगजनों को मुख्यधारा में बराबरी और सशक्त भागीदारी दिलाना है, ताकि वे अपनी पूरी क्षमता के साथ राज्य के विकास में योगदान दे सकें।
मुख्यमंत्री ने समाज से अपील की कि दिव्यांगजनों के प्रति दृष्टिकोण में सकारात्मक बदलाव लाएँ और उनके साथ सम्मानजनक, सहयोगपूर्ण और संवेदनशील व्यवहार अपनाएँ। उन्होंने कहा कि जब समाज और सरकार मिलकर ऐसे अवसर बनाएंगे, तभी दिव्यांगजन वास्तव में सशक्त बन पाएंगे।
मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस हमें समावेशी विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का संदेश देता है।





