जरहाभाठा हाईस्कूल की क्लर्क और दो महिला भृत्य सस्पेंड, बिना अनुमति की शिकायत पड़ी महंगी

बिलासपुर: जरहाभाठा हाईस्कूल की एक महिला क्लर्क और दो महिला भृत्य को बिना अनुमति वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत करना भारी पड़ गया। जिला शिक्षा अधिकारी (D.E.O) अनिल तिवारी ने तीनों को अनुशासनहीनता के चलते सस्पेंड कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, सहायक ग्रेड-3 की क्लर्क सुषमा पांडेय, महिला भृत्य गीता राही और रश्मि विश्वकर्मा का स्कूल की प्राचार्य से विवाद चल रहा था। इस विवाद को लेकर तीनों ने संस्था प्रमुख की अनुमति लिए बिना पहले जिला शिक्षा विभाग और फिर सीधे कलेक्टर कार्यालय में शिकायत कर दी।
कलेक्टर ने इस बात पर नाराजगी जाहिर की और पूछा कि बिना अनुमति वरिष्ठ कार्यालय तक वे कैसे पहुंचीं। इसके बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीनों को कारण बताओ नोटिस भेजा।
नोटिस के जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए, जिसके बाद तीनों को सस्पेंड कर दिया गया।
सस्पेंशन के दौरान सुषमा पांडेय का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बिल्हा में रखा गया है, जबकि गीता राही और रश्मि विश्वकर्मा का मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय बिलासपुर निर्धारित किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि किसी भी कर्मचारी को संस्था प्रमुख की अनुमति के बिना सीधे उच्च अधिकारियों के पास शिकायत करने की इजाजत नहीं है। ऐसा करना अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है और इसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





