पीएम सूर्य घर योजना से मिल रही सस्ती और स्वच्छ बिजली, परिवार बने आत्मनिर्भर

रायपुर। आम लोगों के लिए शुरू की गई पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना अब बड़े स्तर पर लाभ पहुंचा रही है। इस योजना के तहत घरों की छतों पर सौर पैनल लगाए जा रहे हैं, जिससे नागरिकों को सस्ती और सतत बिजली मिल रही है।
सक्ती जिले के ग्राम दतौद निवासी प्रभुदयाल चंद्रा ने अपने घर पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप पैनल लगवाया है। इसके लिए केंद्र सरकार ने उन्हें 78 हजार रुपये की अनुदान राशि सीधे बैंक खाते में भेजी। चंद्रा का कहना है कि अब उनके बिजली बिल में काफी बचत हो रही है और वे खुद को ऊर्जा के मामले में आत्मनिर्भर महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि आने वाले समय में हर घर की छत पर सौर पैनल दिखेगा और महंगे बिजली बिल से छुटकारा मिलेगा। सरकार की इस पहल से लोगों को सस्ती, स्वच्छ और पर्यावरण हितैषी ऊर्जा उपलब्ध हो रही है।
योजना के तहत उपभोक्ताओं को पैनल लगाने में तकनीकी सहयोग, विभागीय मार्गदर्शन और आर्थिक मदद दी जा रही है। इससे बिजली की खपत कम हो रही है और परिवारों की आमदनी में भी अप्रत्यक्ष रूप से बढ़ोतरी हो रही है।





