रायपुर में होम चर्च की प्रार्थना सभा पर बवाल, दोनों पक्षों में थाने में भी हुई मारपीट

रायपुर। राजधानी के कोटा स्थित टीचर्स कॉलोनी में रविवार सुबह एक मसीही परिवार के घर में चल रही प्रार्थना सभा के दौरान बड़ा बवाल हो गया। मोहल्लेवासियों ने इस सभा को मतांतरण का जरिया बताते हुए विरोध शुरू कर दिया, जिससे दोनों पक्षों में तीखी झड़प और मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस को मौके पर पहुंचकर हस्तक्षेप करना पड़ा।
सूचना मिलते ही सरस्वती नगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों पक्षों के लोगों को थाने ले गई। लेकिन मामला थाने में भी शांत नहीं हुआ और वहां भी दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि यह विवाद रविवार सुबह लगभग आठ बजे हुआ था।
जानकारी के अनुसार, संत थॉमस संस्था के भवन में पास्टर फिरोज बाघ का परिवार हर रविवार प्रार्थना सभा आयोजित करता है। इस दौरान आसपास के कुछ लोगों ने घर के भीतर मतांतरण की गतिविधियों का आरोप लगाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते करीब 20-25 लोग वहां जुट गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
पास्टर फिरोज बाघ की पत्नी बसंती बाघ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे परिवार की महिलाओं और कुछ विश्वासियों के साथ शांति से प्रार्थना कर रही थीं, तभी मोहल्ले के कुछ लोगों ने दरवाजा तोड़ने की कोशिश की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। बसंती बाघ के अनुसार, बीच-बचाव करने आए कुछ लोगों के साथ भी मारपीट हुई और तीन लोगों को चोटें आईं।
दूसरी ओर, स्थानीय लोगों का कहना है कि हर शनिवार रात से ही कुछ लोग उस घर में जुटते हैं और रविवार सुबह तक प्रार्थना होती है। उनका आरोप है कि वहां मतांतरण की बातें की जाती हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाया। इसी नाराजगी के चलते रविवार को लोगों ने घर के बाहर प्रदर्शन किया।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अज्ञात 30 से 40 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मोहल्ले में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।





