मुख्यमंत्री ने अटल डिजिटल सेवा केंद्र का किया निरीक्षण

बलौदाबाजार। सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज कसडोल विकासखंड के बल्दाकछार पहुंचे। यहां उन्होंने अटल डिजिटल सेवा केंद्र का अवलोकन किया और केंद्र संचालक व्हीएलई रोशन लाल पटेल से सेवाओं की जानकारी ली।
इस दौरान, बल्दाकछार की बिसनी बाई ध्रुव और घिरघोल की सविता ने अपने बैंक खाते से एक-एक हजार रुपये निकाले। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों को अधिक सुविधाएं प्रदान करना है। अटल डिजिटल सेवा केंद्र की शुरुआत से अब ग्रामीणों को बैंक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, सभी बैंकिंग और अन्य सुविधाएं यहीं मिलेंगी।
बिसनी बाई ने बताया कि केंद्र खुलने से उन्हें बहुत सुविधा हो रही है, अब रोजी मजदूरी के बाद वह समय मिलते ही यहां से पैसा निकाल लेती हैं।
व्हीएलई रोशन पटेल ने बताया कि अटल डिजिटल सेवा केंद्र का शुभारंभ पंचायती राज दिवस, 24 अप्रैल 2025 को हुआ था। यहां पर जन्म-मृत्यु पंजीकरण, आय-जाति प्रमाणपत्र, बीमा, पेंशन, पैन कार्ड, सरकारी योजनाओं का पंजीकरण, और अन्य नागरिक सेवाएं दी जा रही हैं।





