छत्तीसगढ़ दौरे पर प्रवीण तोगड़िया बोले:हर गांव में बनेगा हनुमान चालीसा केंद्र, कई मुद्दों पर दिए बड़े बयान

छत्तीसगढ़। विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया इन दिनों चार दिन के छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। मध्यप्रदेश के शहडोल से शुरू हुई उनकी यात्रा अब बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और भिलाई तक पहुंच चुकी है। इस दौरान तोगड़िया अपने अभियान “हर गांव में हनुमान चालीसा” और “हर घर में ओम श्री परिवार” को आगे बढ़ाने में जुटे हुए हैं।

बिलासपुर में कार्यकर्ताओं की बैठक में तोगड़िया ने बताया कि देशभर में करीब 1 लाख स्थानों पर साप्ताहिक हनुमान चालीसा पाठ और 3 करोड़ घरों में ‘ओम श्री परिवार केंद्र’ स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। उनका कहना है कि ये केंद्र सिर्फ धार्मिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं होंगे, बल्कि इन्हें “हिंदू वेलनेस सेंटर” के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां लोगों को सेवा, स्वास्थ्य और तनाव-मुक्ति से जुड़े सहयोग मिलेंगे।

राम मंदिर और आमंत्रण विवाद पर भी तोगड़िया ने खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भव्य मंदिर का निर्माण 40 वर्षों के संघर्ष का परिणाम है। भले ही उन्हें इस बार निमंत्रण नहीं मिला, लेकिन मंदिर का निर्माण होना ही उनके लिए सबसे बड़ी खुशी है। गुमनामी को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि यदि वे गुमनाम होते, तो इतने पत्रकार बातचीत के लिए नहीं आते।

धर्मांतरण और लव जिहाद पर तोगड़िया ने कहा कि गांवों में धार्मिक गतिविधियों और सेवा कार्यों के बढ़ने से ऐसी स्थितियां अपने आप कम होंगी। उनका कहना है कि जहां लोगों को सहयोग, सुविधा और संगठित वातावरण मिलेगा, वहां धर्मांतरण की स्थितियां कमजोर पड़ जाएंगी।

छत्तीसगढ़ में उनका यह दौरा लगातार चर्चाओं में बना हुआ है, और आने वाले दिनों में वे अपने मिशन को और विस्तार देने वाले हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button