दिल्ली बीजेपी दफ्तर में राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव की हलचल, छत्तीसगढ़ भाजपा ने दिखाई एकजुटता

रायपुर/दिल्ली।दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी के दफ्तर में राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को लेकर बड़ी हलचल देखने को मिली। इस मौके पर छत्तीसगढ़ से पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी पहुंचे और चुनाव प्रक्रिया में भाग लिया।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि मजबूत संगठन, साफ नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ छत्तीसगढ़ भाजपा इस चुनाव प्रक्रिया के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि यह केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि पार्टी की एकता, अनुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को दिखाने का अवसर है।

इस दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। उनके नामांकन के प्रस्तावक के रूप में गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मौजूद रहे। नामांकन के समय जेपी नड्डा, हरदीप सिंह पुरी समेत कई वरिष्ठ नेता भी उपस्थित थे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विभिन्न राज्यों के अध्यक्ष, सांसद और अन्य पदाधिकारी भी इस अवसर पर पहुंचे।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, 20 जनवरी को भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा होने की संभावना है। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ से भी बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचेंगे, जिससे आयोजन भव्य होने की उम्मीद है।

बताया जा रहा है कि नितिन नवीन को पहले ही कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद यह तय माना जा रहा था कि पार्टी की कमान अब उन्हीं को सौंपी जाएगी। 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उनके निर्विरोध चुने जाने की पूरी संभावना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह समेत पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का उन्हें पूरा समर्थन प्राप्त है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button