विधानसभा बजट सत्र की तैयारियों पर मंथन, 23 फरवरी से शुरू होने की संभावना

रायपुर। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मुलाकात की। इस मुलाकात को लेकर स्पीकर डॉ. रमन सिंह ने बताया कि आगामी विधानसभा के बजट सत्र, राज्य की आर्थिक स्थिति और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक एवं सकारात्मक संवाद हुआ।

सूत्रों के मुताबिक, विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू होकर 27 मार्च तक चलने की संभावना है। वहीं, 27 फरवरी को विधानसभा में बजट पेश किया जा सकता है। सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से होगी, जिसके बाद धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा की जाएगी।

इसी क्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से भी सत्र की तैयारियों को लेकर चर्चा की। मुख्यमंत्री गुरुवार सुबह स्पीकर हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने लगभग एक घंटे तक विधानसभा अध्यक्ष के साथ बैठक की। बैठक में बजट सत्र के सुचारु संचालन और व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श हुआ।

जानकारी के अनुसार, विधानसभा सचिव दिनेश शर्मा इस समय राज्य से बाहर हैं। उनके लौटने के बाद बजट सत्र को लेकर आधिकारिक अधिसूचना (नोटिफिकेशन) जारी किए जाने की संभावना है।

बजट सत्र को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है, क्योंकि इस सत्र में राज्य के विकास, आर्थिक नीतियों और जनहित से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button