बिलासपुर में बिल्डर के बेटे ने की खुदकुशी, डिप्रेशन से जूझ रहा था नीट अभ्यर्थी

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां कांग्रेस नेता अजय सिंह के भतीजे और बिल्डर चित्रसेन सिंह के बेटे संस्कार सिंह (20) ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर खुदकुशी कर ली। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर स्थित उनके घर में हुई।

जानकारी के अनुसार संस्कार भोपाल में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था। लगातार सिलेक्शन न होने से वह गहरे तनाव में था। सोमवार दोपहर वह घर में ऊपर अपने कमरे में गया और खुद को बंद कर लिया। कुछ देर बाद फायरिंग की आवाज आई। परिजन जब पहुंचे तो दरवाजा खोलते ही देखा कि संस्कार खून से लथपथ फर्श पर पड़ा है। गोली जबड़े को चीरकर निकल गई थी।

घटना की सूचना पर सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फॉरेंसिक और फिंगरप्रिंट टीम के साथ जांच की और बंदूक को जब्त कर लिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिम्स अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है।

बताया जा रहा है कि संस्कार ने दो साल पहले 12वीं पास की थी और तभी से मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था। लेकिन कई बार प्रयास के बावजूद सफलता नहीं मिलने से वह डिप्रेशन में आ गया था। रविवार रात उसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से क्रिकेट टीम को दी गई बधाई पोस्ट को इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा किया था और भारत की जीत का जश्न भी मनाया था।

संस्कार की खुदकुशी से परिवार और रिश्तेदारों में गहरा मातम है। इलाके में भी इस घटना से स्तब्धता है। परिजन का कहना है कि वह पढ़ाई को लेकर काफी गंभीर था लेकिन लगातार असफलता से टूट गया। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button