सक्ती के वेदांता पावर प्लांट में भीषण बॉयलर ब्लास्ट, 9 मजदूरों की मौत, 30 से ज्यादा घायल

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता लिमिटेड के पावर प्लांट में मंगलवार को हुए भीषण बॉयलर विस्फोट ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। अचानक हुए धमाके के बाद प्लांट परिसर में आग और घना धुआं फैल गया, जिससे वहां काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। धमाका इतना तेज था कि श्रमिक अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
इस दर्दनाक हादसे में अब तक 9 मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 30 से अधिक मजदूर घायल हुए हैं। इनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंच गई और तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोट के बाद प्लांट में भगदड़ मच गई थी। कई मजदूर झुलस गए, जबकि कुछ को गंभीर चोटें आई हैं। बचाव दल ने घायलों को बाहर निकालकर सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस अधीक्षक प्रफुल ठाकुर के अनुसार, बॉयलर की ट्यूब फटने की वजह से यह बड़ा हादसा हुआ है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी विशेषज्ञों की टीम गठित कर जांच शुरू कर दी गई है।
इस घटना के बाद औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और श्रमिक संगठनों ने उच्चस्तरीय जांच की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। फिलहाल प्रशासन घायलों के इलाज और राहत कार्यों पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित कर रहा है।




