बिलासपुर में सनसनीखेज वारदात: स्पिरिट से जलाया युवक का शव, पुलिस को हत्या का शक

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में झाड़ियों के बीच एक युवक की अधजली लाश बरामद की गई। पुलिस का मानना है कि युवक की हत्या करने के बाद उसकी पहचान मिटाने के लिए शव को स्पिरिट जैसे ज्वलनशील रसायन से जलाया गया है। शव लगभग 80 प्रतिशत तक जल चुका था, जिससे उसकी पहचान करना बेहद मुश्किल हो गया है।

मामले की जानकारी के अनुसार, तिफरा से मन्नाडोल जाने वाली पगडंडी के किनारे स्थानीय लोगों ने जले हुए शव को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके को घेर लिया और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से हाथ-पैर के अवशेष और कपड़े के कुछ टुकड़े बरामद किए गए हैं, जिनके आधार पर पुलिस आसपास के क्षेत्रों में युवक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

थाना प्रभारी किशोर केंवट ने बताया कि शव दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है और मृतक की उम्र लगभग 25 से 35 वर्ष के बीच है। फोरेंसिक टीम को भी मौके से संघर्ष के निशान या पैरों के चिन्ह जैसे कोई ठोस सबूत नहीं मिले हैं। पुलिस ने आशंका जताई है कि हत्या कहीं और की गई होगी और सबूत मिटाने के लिए शव को सुनसान इलाके में लाकर जलाया गया है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इस इलाके से आमतौर पर बहुत कम लोग गुजरते हैं, केवल कुछ ग्रामीण सुबह या शाम के समय शौच के लिए पगडंडी का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में घटना का किसी की नजर में न आना स्वाभाविक है।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्टों को मिलान करने की प्रक्रिया जारी है ताकि शव की पहचान हो सके। अधिकारियों ने बताया कि पहचान होते ही हत्या की गुत्थी सुलझाने में मदद मिल सकती है।

इस रहस्यमयी और जघन्य हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button