बीजापुर में महिला से जबरन मकान खाली कराने का आरोप, BJP नेता पर शिकायत दर्ज

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के गंगालूर गांव में एक महिला से कथित तौर पर जबरन मकान खाली कराए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता अवनी कन्नम ने आरोप लगाया है कि भाजपा नेता राजू कलमू और उनके 10–12 साथियों ने दबाव बनाकर उनका मकान खाली कराया और घर का सामान सड़क पर फेंक दिया।

महिला ने गंगालूर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, यह घटना उसके पति की गैरहाजिरी में हुई। आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौच की गई और विरोध करने पर महिला व उसके बच्चों के साथ मारपीट भी की गई। घर में रखा पैसा, सोना-चांदी और अन्य सामान जबरन बाहर निकाल दिया गया, जिसके बाद मकान में ताला लगा दिया गया।

इस घटना पर बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे खुलेआम गुंडागर्दी बताया और प्रशासन पर निष्क्रिय रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस तरह की घटनाएं अस्वीकार्य हैं।

दूसरी ओर, भाजपा नेता राजू कलमू ने आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि संबंधित मकान किराए का था और मकान मालिक उसे खाली कराना चाहता था। उन्होंने दावा किया कि वे केवल मौके पर मौजूद थे और जबरन कार्रवाई में उनकी कोई भूमिका नहीं है।

फिलहाल पुलिस और राजस्व अमला मामले की जांच कर रहा है। थाने से मिली जानकारी के अनुसार, महिला की शिकायत पर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button