बिलासपुर: मोपका वार्ड में राशन घोटाला उजागर, दो दिन से बंद है दुकान, गरीब परेशान

बिलासपुर: वार्ड क्रमांक 47 मोपका में उचित मूल्य की राशन दुकान में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। दुकान संचालक पर गरीबों के राशन जैसे चावल और शक्कर में गड़बड़ी करने का आरोप है। इस खुलासे के बाद से दुकान पिछले दो दिनों से बंद है, जिससे कार्डधारी गरीब सुबह-शाम राशन के लिए भटक रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि दुकान संचालक पेटी कांट्रेक्टर सिस्टम के तहत एक से ज्यादा दुकानों का संचालन कर रहा है, जो नियमों के खिलाफ है। नियम के अनुसार एक व्यक्ति केवल एक ही राशन दुकान चला सकता है, लेकिन राजनीतिक संरक्षण और अफसरों की मिलीभगत से यह गड़बड़ी लंबे समय से चल रही है।
संचालक सीपत रोड की एक अन्य दुकान भी चला रहा है, और कई उपभोक्ताओं को बीते 3-4 महीनों से राशन नहीं मिल पाया है। शिकायतों के बावजूद न तो जनप्रतिनिधि कोई ध्यान दे रहे हैं और न ही जिम्मेदार अधिकारी कोई ठोस कदम उठा रहे हैं।
फिलहाल खाद्य विभाग ने जांच की बात तो कही है, लेकिन अब तक न तो जांच आगे बढ़ी है और न ही दुकान खोली गई है। इससे इलाके के सैकड़ों जरूरतमंद लोग बेहद परेशान हैं और जल्द से जल्द समाधान की उम्मीद कर रहे हैं।





