बिलासपुर: धर्मांतरण के आरोप में पास्टर समेत 7 लोगों पर FIR, थाने का किया गया घेराव

बिलासपुर: तोरवा थाना क्षेत्र में धर्मांतरण को लेकर शनिवार को जमकर हंगामा हुआ। आरोप है कि पावर हाउस क्षेत्र के केंवटपारा में कुछ लोग हिंदू समुदाय के लोगों का धर्म बदलवाने की कोशिश कर रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और इसका विरोध किया।
इसके बाद बड़ी संख्या में लोग तोरवा थाने पहुंच गए। एक तरफ मसीही समाज के लोग मारपीट की शिकायत लेकर पहुंचे तो दूसरी तरफ हिंदू संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर लिया और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि पुलिस को थाने को छावनी में तब्दील करना पड़ा।
कई घंटे तक हंगामा और बहस के बाद पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाया और मामला शांत कराया। इसके बाद पावर हाउस चौक निवासी प्रकाश सिंह ने थाने में लिखित शिकायत दी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उन्हें पैसों का लालच देकर जबरन धर्म बदलवाने की कोशिश की।
शिकायत के आधार पर तोरवा पुलिस ने पास्टर विनय सिंह परिहार सहित सात लोगों – मालती धीवर, पवन श्रीवास, हर्ष रजक, बादल, मधु धीवर और पुलू – के खिलाफ छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।





