PM ग्राम सड़क योजना में बड़ा घोटाला: पुराने ठेकेदारों को मोटी घूस लेकर लौटाई जा रही पेनल्टी की रकम

रायपुर। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में बड़े पैमाने पर घोटाले का खुलासा हुआ है। इस योजना में घटिया सड़क बनाने वाले और नियम तोड़ने वाले ठेकेदारों से पहले तो करोड़ों रुपये की पेनल्टी वसूली गई थी, लेकिन अब वही पेनल्टी अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत से वापस की जा रही है।

शिकायतकर्ता विजय कुमार पोद्दार ने बताया कि पिछले 5–10 सालों में जिन ठेकेदारों ने खराब सड़कों का निर्माण किया और जिनसे जुर्माने के रूप में 10 लाख से लेकर 90 लाख तक की पेनल्टी ली गई थी, अब उनसे 40–50% कमीशन लेकर वह पेनल्टी की रकम उन्हें लौटा दी जा रही है। इसके बदले में उन्हें घटिया सड़क निर्माण के बावजूद “गुणवत्ता प्रमाण पत्र” भी दे दिया जा रहा है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि बड़े अधिकारी सरकार और मंत्रियों का नाम खराब कर रहे हैं, जबकि सरकार को इन हरकतों की जानकारी नहीं है। जनता के टैक्स के पैसे से बनाई जाने वाली सड़कें घटिया बनीं, और अब करोड़ों रुपये की पेनल्टी भी वापस की जा रही है।

विजय कुमार पोद्दार ने मुख्यमंत्री, गृह मंत्री, आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो, लोकायुक्त और कई अखबारों को शिकायत भेजकर मामले की जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह खेल पूरे प्रदेश में चल रहा है और पहले भी कुछ अधिकारी 2015–16 में इसी तरह के घोटालों में चर्चित रहे थे।

पोद्दार ने सरकार से अपील की है कि तुरंत इस पर रोक लगाई जाए और जांच कराई जाए ताकि जनता के पैसे से किए जा रहे इस घोटाले का सच सामने आ सके।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button