बिजली बिल में बड़ी राहत: छत्तीसगढ़ में 200 यूनिट तक आधा बिल योजना को कैबिनेट की मंजूरी संभव

छत्तीसगढ़ में घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को जल्द ही बिजली बिल में बड़ी राहत मिल सकती है। राज्य के करीब 45 लाख घरों को 200 यूनिट तक बिजली खपत पर आधा बिल चुकाने का लाभ मिलने की संभावना है। सरकार दिसंबर महीने से इस योजना को लागू करने की तैयारी में है और इस पर कैबिनेट की मंजूरी मिलना बाकी है।
नई व्यवस्था में राज्य के घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट तक बिजली उपयोग पर केवल आधा बिल देना होगा। हालांकि, 200 यूनिट से अधिक बिजली खपत होने पर उपभोक्ता इस छूट योजना से बाहर हो जाएगा और पूरा बिल चुकाना होगा। इससे पहले यह योजना 100 यूनिट की सीमा तक ही लागू थी, जिससे बड़ी संख्या में परिवारों को राहत नहीं मिल पा रही थी।
बिजली विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, योजना का लाभ केवल घरेलू उपभोक्ताओं को मिलेगा। कमर्शियल कनेक्शन, औद्योगिक उपभोक्ताओं और कृषि पंप कनेक्शन धारक किसानों को इस योजना का फायदा नहीं दिया जाएगा। बिजली कंपनी का दावा है कि सीमा बढ़ने के बाद लाभार्थी परिवारों की संख्या कई गुना बढ़ जाएगी।
आंकड़ों के अनुसार, इस साल सितंबर महीने में 100 यूनिट हाफ बिजली बिल योजना के तहत केवल 41,174 उपभोक्ताओं को छूट मिल पाई थी और छूट की कुल राशि लगभग 40.77 लाख रुपये थी। योजना की सीमा घटाने के बाद राज्य में बिजली बिल वृद्धि को लेकर असंतोष बढ़ा था, जिसके बाद अब सरकार ने 200 यूनिट की नई सीमा तय कर राहत देने की घोषणा की है।
अनुमान लगाए जा रहे हैं कि 200 यूनिट की छूट लागू होने के बाद, जिन परिवारों का बिजली बिल पहले 800 से 900 रुपये तक आता था, अब वह घटकर लगभग 420 से 450 रुपये तक रह जाएगा। इस फैसले से विशेष रूप से निम्न और मध्यम वर्गीय परिवारों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।





