जीएसटी में कमी को लेकर भाजपा का बड़ा प्रचार अभियान, 15 अक्टूबर तक होंगे कार्यक्रम

रायपुर। जीएसटी में कमी को ऐतिहासिक कदम मानते हुए भाजपा ने प्रदेशभर में व्यापक प्रचार अभियान चलाने की तैयारी की है। इसके लिए प्रदेश स्तरीय कमेटी का गठन किया गया है, जिसमें महामंत्री यशवंत जैन को संयोजक बनाया गया है। कमेटी में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, जगदलपुर के महापौर संजय पांडेय और रायपुर नगर निगम के पूर्व सभापति प्रफुल्ल विश्वकर्मा सदस्य बनाए गए हैं।

इस अभियान के तहत विधानसभा स्तरीय सम्मेलन, व्यापारी सम्मेलन, और लाभार्थियों की सोशल मीडिया पर भागीदारी जैसे कार्यक्रम होंगे। साथ ही, पूरे प्रदेश में होर्डिंग्स लगाए जाएंगे और नगर निकाय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद प्रस्ताव पारित करेंगे। यह अभियान 15 अक्टूबर तक चलेगा।

भाजपा नेताओं का कहना है कि जीएसटी में कमी से रोज़मर्रा की वस्तुओं के दाम घटेंगे, जिससे आम लोगों की बचत बढ़ेगी। साथ ही, जीएसटी कानूनों के सरलीकरण से व्यापारी, उद्योगपति और किसान सभी को फायदा होगा। पार्टी का दावा है कि प्रति परिवार न्यूनतम 50 हजार रुपये की बचत होगी।

रायपुर नगर के लिए अलग से कमेटी बनाई गई है, जिसमें ललित जैसिंघ संयोजक होंगे और उनके साथ सुरेश पटेल, विकास सेठिया और तनेश आहूजा सदस्य रहेंगे। ये टीम चारों विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार करेगी। इसी तरह, प्रदेश के हर जिले में भी कमेटियाँ बनाई गई हैं।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button