रायपुर से बड़ी खबर: सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत के बाद जेल से रिहा हुए रानू साहू, समीर विश्नोई और सौम्या चौरसिया

रायपुर। गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद पूर्व IAS अधिकारी रानू साहू, समीर विश्नोई और सौम्या चौरसिया को आज सुबह जेल से रिहा कर दिया गया। तीनों को मीडिया की नजरों से बचाते हुए जेल के पीछे वाले गेट से बाहर निकाला गया, जबकि मीडिया फोटोग्राफर मेन गेट पर इंतज़ार करते रह गए।

समीर विश्नोई और सौम्या चौरसिया अक्टूबर-दिसंबर 2022 से जेल में थे, वहीं रानू साहू को जुलाई 2023 में गिरफ्तार किया गया था। सुप्रीम कोर्ट से बुधवार देर रात ही जमानत का आदेश आ गया था, जिसके चलते उन्हें आज सुबह रिहा कर दिया गया।

रिहाई के बाद किसी ने भी मीडिया से बात नहीं की और सीधे अपनी-अपनी गाड़ियों में बैठकर रवाना हो गए। रानू साहू सरकारी कार से देवेंद्र नगर स्थित आईएएस कॉलोनी में अपने पति जय प्रकाश मौर्य के घर पहुंचीं। उनके साथ दो बड़े ट्रैवल बैग भी थे। घर पहुंचने पर परिवार वालों और घरेलू स्टाफ ने फूल बिछाकर उनका स्वागत किया।

बता दें, इसी कॉलोनी में समीर विश्नोई भी रहते हैं। फिलहाल तीनों ने किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं दी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button