बिलासपुर ट्रेन हादसे में बड़ी कार्रवाई, रेलवे ने वरिष्ठ अधिकारी को पद से हटाया

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में गत 4 नवंबर को हुए भीषण ट्रेन हादसे के बाद रेलवे प्रशासन ने पहली बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वरिष्ठ अधिकारी को हटाने का निर्देश जारी किया है। जांच के दौरान रेलवे ने डीओपी पद पर तैनात एम. आलम को जबरन छुट्टी पर भेज दिया है। बताया गया कि मेमू ट्रेन के ऑपरेशन में लोको पायलट की ड्यूटी लगाने की जिम्मेदारी एम. आलम की थी। उनकी जगह अब टीआरडी विभाग के विवेक कुमार को इस महत्वपूर्ण पद पर तैनात किया गया है।
बिलासपुर के गतौरा-लालखदान ओवरब्रिज के बीच यह भीषण हादसा शाम करीब 4:10 बजे उस समय हुआ था, जब गेवरारोड-बिलासपुर एमईएमयू लोकल ट्रेन खड़ी मालगाड़ी से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मेमू ट्रेन के कई कोच मालगाड़ी के डिब्बों पर चढ़ गए, जिससे यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, जिला प्रशासन, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और देर रात तक राहत एवं बचाव कार्य चलता रहा।
इस हादसे में अब तक 14 यात्रियों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि लगभग 20 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों का इलाज बिलासपुर और आसपास के अस्पतालों में जारी है। कई घायल यात्रियों की हालत चिंताजनक बनी हुई है, जिनकी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि हादसे की जांच तेज़ गति से चल रही है और जिम्मेदारी तय करने के लिए तकनीकी व ऑपरेशनल पहलुओं की गहन समीक्षा की जा रही है। शुरुआती जांच में ड्यूटी रोस्टर और ट्रेन ऑपरेशन में लापरवाही के संकेत मिले हैं, जिसके बाद एम. आलम को छुट्टी पर भेजने का निर्णय लिया गया। अधिकारियों का मानना है कि जांच पूरी होने पर और भी बड़ी कार्रवाई संभव है।
हादसे के बाद प्रदेश में रेल सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने ट्रेन संचालन में सुधार, बेहतर निगरानी और सुरक्षा मानकों को और मजबूत करने की मांग की है। वहीं रेलवे ने आश्वासन दिया है कि ऐसे हादसे दोबारा न हों, इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।





