धमतरी में अवैध धान परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

धमतरी। जिले में अवैध धान परिवहन पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। को ग्राम खपरी-जोरातराई से छाती की ओर ले जाया जा रहा लगभग 168 कट्टा (68.20 क्विंटल) धान कोचिया धनेश्वर सिंह, निवासी सेमरा (सि.), सिलौटी द्वारा किसानों से अवैध रूप से खरीदा गया पाया गया। ट्रैक्टर को मौके पर रोककर जांच की गई, जिसमें कोचिये ने किसी भी प्रकार का अनुमति पत्र या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया।

जिला प्रशासन ने मौके पर ही वाहन और धान को मंडी शुल्क एवं वैधता की जांच के लिए जब्त कर लिया। ट्रैक्टर क्रमांक CG07 X 4029 को भखारा थाना परिसर लाया गया। प्रारंभ में कोचिया ने वाहन को थाना परिसर में रखने की बात कही, लेकिन बाद में उन्होंने इसे मंडी परिसर कुरूद में रखने का अनुरोध किया। मौके पर उपस्थित पंचों के समक्ष विधिवत पंचनामा तैयार किया गया और इसे सभी के समक्ष पढ़कर सुनाया गया।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में अवैध धान खरीदी, भंडारण और परिवहन पर सख्त निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को पारदर्शी बनाने के लिए अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों, राजस्व और पुलिस दलों को सतत पेट्रोलिंग करने और संदिग्ध वाहनों की जांच अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए हैं।

जिला प्रशासन ने किसानों से भी अपील की है कि वे अपना धान केवल अधिकृत समितियों को ही बेचें और किसी भी अवैध खरीद-फरोख्त की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें। प्रशासन का यह कदम जिले में धान खरीदी को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए उठाया गया है, ताकि किसानों को उनका सही समर्थन मूल्य मिल सके और अवैध व्यापार पर रोक लगाई जा सके।

प्रशासन की सतर्कता और निगरानी से किसानों का हित सुरक्षित रहेगा और अवैध धान परिवहन में शामिल लोगों को कानून के अनुसार कड़ी सजा दी जाएगी। इसके साथ ही जिले में धान के सही ढंग से वितरण और खरीदी की व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

यह कार्रवाई जिले में धान खरीदी और परिवहन के नियमों का पालन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button