146 करोड़ से बनेगा भोरमदेव कॉरिडोर, छत्तीसगढ़ बन रहा देश के विकास का ग्रोथ इंजन : गजेन्द्र सिंह शेखावत

रायपुर। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा है कि छत्तीसगढ़ अब भारत के विकास का ग्रोथ इंजन बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास, पर्यटन और संस्कृति को नई पहचान दिलाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर लगातार काम कर रही हैं।

कबीरधाम जिले में स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के तहत 146 करोड़ रुपये की लागत से भोरमदेव कॉरिडोर के निर्माण का विधिवत भूमिपूजन किया गया। इस योजना के तहत भोरमदेव मंदिर परिसर से मड़वा महल, छेरकी महल, रामचुआ और सरोदा जलाशय तक एक सुव्यवस्थित पर्यटन कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। उज्जैन और वाराणसी की तर्ज पर बनने वाला यह कॉरिडोर भोरमदेव को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा।

भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि यह दिन न केवल कबीरधाम बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों में छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्पों को धरातल पर उतारने का काम किया है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद प्रदेश के विकास में बड़ी बाधा था, जिसे खत्म करने की दिशा में सरकार निर्णायक रूप से आगे बढ़ रही है।

उन्होंने बताया कि देश में सड़क, पुल, आवास, उज्ज्वला योजना, पेयजल, बिजली, डीबीटी और रोजगार जैसी योजनाएं गरीबों तक पहुंच रही हैं। राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना में अब 125 दिनों का रोजगार और रोजगार न मिलने पर हर्जाने की गारंटी भी दी जा रही है, जिसे उन्होंने ‘मोदी की गारंटी’ बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि करीब एक हजार साल पुराने भोरमदेव मंदिर को आने वाले हजार वर्षों तक सुरक्षित रखने का यह प्रयास है और निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बाबा भोरमदेव मंदिर के विकास के लिए भूमिपूजन होना बेहद खुशी की बात है। उन्होंने बताया कि सावन महीने में हजारों कांवड़िए यहां जलाभिषेक के लिए आते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार हर वर्ग के विकास के लिए काम कर रही है। विशेष पिछड़ी जनजातियों, खासकर बैगा समाज के लिए पीएम जनमन योजना के तहत सड़क, आवास और स्वास्थ्य सुविधाएं गांव-गांव तक पहुंचाई जा रही हैं। इसके लिए 57 मोबाइल मेडिकल यूनिट भी शुरू की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अपने वादों को निभाते हुए 18 लाख लोगों को आवास का अधिकार दिलाया है और 70 लाख महिलाओं के खातों में हर महीने एक हजार रुपये पहुंचाए जा रहे हैं। साथ ही मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना से भी हजारों लोगों को लाभ मिला है।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि भोरमदेव क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भोरमदेव महोत्सव के दौरान स्वदेश दर्शन योजना में शामिल करने का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे मंजूरी मिली और अब भूमिपूजन भी हो गया है। उन्होंने यह भी बताया कि पंचमुखी श्री बूढ़ा महादेव मंदिर के विकास के लिए लोगों ने एक ही दिन में 75 लाख रुपये का दान दिया, जो क्षेत्र की आस्था और सहभागिता को दर्शाता है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई